![]()
सीतापुर के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में बुधवार शाम करीब 6:30 बजे हुई बारिश के दौरान धान की रोपाई करते समय आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का थाना क्षेत्र के पकरिया धापूपुर गांव निवासी रामनरायन शर्मा (50) पुत्र सियाराम शर्मा बुधवार को अपने खेत में धान की रोपाई का कार्य करवा रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच अचानक आकाशीय बिजली खेत में गिरी, जिसकी चपेट में आकर रामनरायन गंभीर रूप से झुलस गए। प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, बिजली गिरने की घटना इतनी तेज थी कि किसान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद खेत में मौजूद मजदूर और ग्रामीण मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव को देखकर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं राजस्व विभाग द्वारा भी प्राकृतिक आपदा के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू की जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि रामनरायन मेहनती किसान थे और अपने परिवार का भरण-पोषण खेती से करते थे। उनकी अचानक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। इधर, प्रशासन ने बारिश और खराब मौसम के दौरान खुले खेतों, पेड़ों तथा ऊंचे स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।
Source link