![]()
रामपुर में बुधवार शाम महज 15 मिनट की बारिश ने नगर पालिका की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। हल्की बारिश के बाद ही शहर की प्रमुख सड़कों और कई सरकारी कार्यालयों के बाहर जलभराव हो गया। लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा, जबकि वाहन चालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बुधवार शाम हुई बारिश के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय, एसडीएम सदर न्यायालय परिसर, जॉली शोरूम, आबकारी कार्यालय, पहाड़ी गेट के पास हाईवे किनारे, थाना सिविल लाइंस के निकट पुराने रोडवेज मार्ग और महिला थाना के मुख्य द्वार के बाहर सबसे अधिक जलभराव देखने को मिला। कई स्थानों पर सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे आवागमन प्रभावित रहा। शहर के अंबेडकर छात्रावास के निकट रोशनबाग मार्ग पर वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या एक बार फिर सामने आ गई। यहां कुछ दिन पहले नाले और सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया गया था, लेकिन फिलहाल काम बंद पड़ा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश में सड़क तालाब का रूप ले लेती है और अब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। स्थानीय निवासी सलीम ने बताया कि रोशनबाग क्षेत्र में हल्की बारिश होते ही जलभराव हो जाता है। इससे पैदल चलना मुश्किल हो जाता है और लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कई वर्षों से समस्या बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाल सका। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी दुर्गेश्वर त्रिपाठी ने बताया कि जिन स्थानों से जलभराव की शिकायतें मिली हैं, वहां जल्द आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि कई इलाकों में नालियों के निर्माण का कार्य चल रहा है और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित टीम को निर्देश दिए जाएंगे। बारिश थमने के काफी देर बाद भी कई इलाकों में पानी जमा रहा, जिससे एक बार फिर नगर पालिका की तैयारियों और शहर की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।
Source link