![]()
सपा प्रमुख अखिलेश यादव को भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने मानहानि नोटिस का जवाब दे दिया है। नोटिस की कॉपी उन्होंने अपने X अकाउंट पर बुधवार सुबह 10:53 पर पोस्ट की है। निशिकांत दुबे ने लीगल नोटिस को गलत बताते हुए अखिलेश यादव से सवाल भी पूछे हैं। भाजपा सांसद निशिकांत ने X पर लिखा- मैंने अखिलेश यादव को फुसलाने वाले वकील के कानूनी नोटिस का जवाब कल ही भेज दिया है। अखिलेश जी, पाल जी (सपा प्रदेश अध्यक्ष केके पाल) का क्या मानहानि हुआ, यह हमने पूछा? दूसरा आपका नाम किस सरकारी दस्तावेज में टीपू है? तीसरा आप और आपकी पार्टी के लोग अकारण मुझे मानसिक प्रताड़ित कर रहे हैं। उसका पूरा कानूनी खर्च आपके वकील साहब से हर्जाना लूंगा। दरअसल, सोशल मीडिया पर तमाम लोगों ने दावा किया कि अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपी टिन्नू यादव और अखिलेश के बीच फोन पर बातचीत होती थी। निशिकांत दुबे ने 5 जुलाई को इशारों में अखिलेश पर कमेंट करते हुए X पोस्ट की थी।इसके बाद अखिलेश ने निशिकांत दुबे को 10 मिनट में पोस्ट हटाने की चेतावनी दी थी। अखिलेश ने मंगलवार को सपा के प्रदेश अध्यक्ष केके पाल के जरिए निशिकांत दुबे को मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा था। निशिकांत दुबे के खिलाफ प्रयागराज, इटावा समेत कई शहरों में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किए। FIR के लिए पुलिस को शिकायती पत्र भी दिया। चार दिनों से अखिलेश और निशिकांत में टकराव अखिलेश और झारखंड की गोड्डा सीट से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के बीच 4 दिनों से टकराव जारी है। निशिकांत दुबे ने 5 जुलाई को सरवन्ना प्रसाद बालासुब्रमण्यम की X पोस्ट को शेयर किया, जिसमें दावा किया गया था कि आरोपी टिन्नू यादव सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से नियमित रूप से बातचीत करता था। पुलिस जांच और मोबाइल कॉल रिकॉर्ड के हवाले से सरवन्ना ने यह दावा किया था। निशिकांत ने लिखा था- “टिन्नू टीपू से ही तो बात कर रहा था?” निशिकांत दुबे की पोस्ट पर अखिलेश यादव भड़क गए। उन्होंने दुबे को 10 मिनट का समय देते हुए पोस्ट डिलीट करने की चेतावनी दी थी। कहा था- भाजपा सांसद 10 मिनट के भीतर अपना झूठा सोशल मीडिया पोस्ट हटा लें, नहीं तो उनके खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। अखिलेश ने संसदीय परंपरा, सभ्यता और भगवान राम की मर्यादा का हवाला देते हुए इसे झूठा प्रचार बताया। उन्होंने कहा कि यह भाजपा का पीडीए गठबंधन को बदनाम करने का प्रयास है। अखिलेश की चेतावनी पर भी निशिकांत दुबे ने टिप्पणी की। उन्होंने X पर लिखा- जल्दी करिए, इतना परेशान क्यों हैं? प्रश्न ही तो पूछा है? 1990 में राम भक्त पर गोली किसने चलवाई? मैं अदालत जाऊंगा। अब निशिकांत दुबे के 4 पोस्ट पढ़िए… सपा ने नोटिस में लिखा- निशिकांत दुबे पोस्ट हटाएं, माफी मांगें 7 जुलाई को समाजवादी पार्टी ने औपचारिक रूप से मानहानि का नोटिस जारी कर कानूनी कार्रवाई की ओर कदम बढ़ाया। नोटिस में दुबे से सार्वजनिक माफी मांगने और पोस्ट हटाने की मांग की गई है, अन्यथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अखिलेश यादव ने अन्य लोगों को भी ऐसी पोस्ट हटाने और माफी मांगने की चेतावनी दी। सपा की नोटिस पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा- भारतीय न्याय संहिता कानून के प्रावधानों के तहत खुद अखिलेश यादव जी को थाने जाकर शिकायत दर्ज करानी होगी। कानून का पालन करिए। अखिलेश जी इस तरह का वकील लोग आपको बेइज्जत कर रहा है, मानहानि यदि आपका हुआ है तो नोटिस भी आपकी तरफ से ही आएगा ना, कानून यही कहता है। इस कानून को बनाने वाले कमेटी का मैं भी सदस्य था, इसलिए जानकारी है। आपने क्या हालत बना रखी है, कुछ लेते क्यों नहीं? कम से कम विक्स की गोली ले लीजिए। उधर, सपा के अयोध्या से पूर्व विधायक पवन पांडेय ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि आरोप साबित, चोरी साबित, चोर जेल गए, ट्रस्टी बर्खास्त हुए। अब BJP-संघ-विहिप अखिलेश यादव और टिन्नू यादव पर फोन कॉल का फर्जी दुष्प्रचार कर रहे हैं। खुली चुनौती है कि अगर फोन पर बातचीत के सबूत हैं तो दिखाएं, वरना अखिलेश यादव से सार्वजनिक माफी मांगें। पवन पांडे ने कहा राजनीति तथ्य और प्रमाण पर होनी चाहिए, झूठे आरोपों पर नहीं। उन्होंने ये भी कहा है कि अगर भाजपा के लोग इसे साबित कर देंगे तो वे राजनिति से सन्यास ले लूंगा। कौन है टिन्नू यादव, जानिए… टिन्नू यादव, चंपत राय का ड्राइवर था। वह अयोध्या का ही रहने वाला है। इस समय वह जेल में है। एसआईटी ने अपनी रिपोर्ट में यह भी बताया है कि रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के पास बिना किसी औपचारिक लिखित आदेश के मंदिर की हुंडियों की चाबियों और पहुंच संबंधी व्यवस्थाओं का नियंत्रण था। रिपोर्ट के अनुसार, इसी व्यक्ति की सिफारिश पर मनीष कुमार यादव को गणना कार्य में लगाया गया, जो बाद में चोरी के मामलों में संलिप्त पाया गया। एसआईटी ने इसे सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर चूक माना है। —————— यह खबर भी पढ़िए:- गोविंद देव बोले-चंपत राय ने अपराधी टिन्नू को ड्राइवर रखा:वह सब कंट्रोल करता था, बाहरी लोगों के संपर्क में था; अब CEO रखेंगे राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद पर मंगलवार को ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि जी महाराज ने खुलकर अपनी बात रखी। कहा- मैं जब ये कहता हूं कि वे (चंपत राय) निर्दोष हैं, तो मेरा मतलब है कि इस पूरे कांड के साथ उनका कोई चारित्रिक संबंध नहीं हो सकता। लेकिन वे खुद सावधान नहीं रहे। उन्होंने एक अपराधी को अपना ड्राइवर रखा था। उसके पास चाबियां थीं। सब कुछ वही कंट्रोल करता था। उनके ड्राइवर ने ही यह सब किया। मुझे आशंका है कि ड्राइवर बाहरी लोगों से जुड़ा था। यह सब CEO नहीं होने की वजह से हुआ। इसलिए हम एक CEO लाएंगे। दूसरी ओर, ट्रस्ट के नए महासचिव कृष्ण मोहन दास ने आज कामकाज संभाल लिया। पढ़ें पूरी खबर…
Source link