Sorting by

×




बदायूं में 1 जुलाई की रात सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान मारे गए 50 हजार के इनामी बदमाश जितेंद्र उर्फ ढालू के मामले की मजिस्ट्रियल जांच शुरू हो गई है। एसडीएम सदर इस मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के तहत उन सभी अधिकारी-कर्मचारियों को नोटिस जारी किए गए हैं, जिनकी इस एनकाउंटर की शुरुआत से लेकर मौत की पुष्टि और पोस्टमार्टम तक भूमिका रही है। दरअसल, बिजनौर हाइवे पर प्रस्तावित जेल की जमीन के पास इनामी डकैत जितेंद्र को मुठभेड़ के दौरान दो गोलियां लगी थीं। पुलिस उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मुठभेड़ के संबंध में सिविल लाइंस थाने में एक मुकदमा भी दर्ज किया गया है। प्रशासनिक स्तर पर शुरू की गई मजिस्ट्रियल जांच के लिए एसडीएम सदर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। एसडीएम की ओर से मुठभेड़ में शामिल रहे एसपी सिटी अभिषेक सिंह, एसएचओ सिविल लाइंस हरेंद्र सिंह, एसएचओ सहसवान धनंजय सिंह के अलावा सभी दरोगा व सिपाहियों को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, जिला अस्पताल की इमरजेंसी में उस समय ड्यूटी पर तैनात डॉ. एनके सिंह समेत पूरे स्टाफ को भी नोटिस देकर बुलाया गया है। इन सभी के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। एसडीएम ने बताया कि सभी संबंधित व्यक्तियों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। उनके बयान दर्ज किए जाएंगे और यदि कोई अन्य नागरिक इस मामले से जुड़ा कोई साक्ष्य देना चाहता है, तो उसे भी न्यायिक जांच में शामिल किया जाएगा। यह जांच जल्द पूरी कर जिलाधिकारी को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *