![]()
उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने बुधवार को मऊ में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। मऊ नगर पालिका कम्युनिटी हॉल में दोपहर 2 बजे आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने पात्र शिक्षकों और उनके आश्रितों को प्रतीकात्मक रूप से प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए संवेदनशील है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो शिक्षकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करेगी।
उन्होंने शिक्षा को समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया और कहा कि शिक्षकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी से इस योजना का शुभारंभ किया है। इसके तहत पात्र शिक्षकों और उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। यह योजना गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक बोझ को कम करेगी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करेगी।
इस योजना का लाभ बेसिक शिक्षा विभाग और माध्यमिक शिक्षा विभाग के पात्र कर्मचारियों को मिलेगा। इसमें बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक, शिक्षामित्र, विशेष शिक्षक (सीडब्ल्यूएसएन), अनुदेशक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, वार्डन, रसोइये तथा अन्य पात्र कार्मिक शामिल हैं। इनके आश्रित परिवार भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। कार्यक्रम के दौरान ऊर्जा मंत्री ने प्रमोद सिंह (माध्यमिक शिक्षक), हरी लाल यादव (शिक्षामित्र), बिना सिंह (शिक्षामित्र) और अरुण सिंह (अनुदेशक) सहित कुछ लाभार्थियों को प्रतीकात्मक प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित थे।
Source link