Sorting by

×




एटा पुलिस ने ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 340 किलोग्राम अवैध गांजा नष्ट किया। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1 करोड़ 70 लाख रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के निर्देश पर की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय और अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई हुई। जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए जब्त मादक पदार्थ का वैज्ञानिक विधि से विनिष्टीकरण सुनिश्चित किया। पुलिस के अनुसार, नष्ट किया गया गांजा थाना मलावन के एक मुकदमे से बरामद हुआ था। न्यायालय से अनुमति प्राप्त होने के बाद, 7 जुलाई 2026 को आगरा के एत्मादपुर स्थित जेआरआर वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के संयंत्र में 340 किलोग्राम गांजे का सुरक्षित और पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप विनिष्टीकरण किया गया। इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर संकल्पदीप कुशवाह और प्रभारी निरीक्षक डीसीआरबी छत्तर पाल सिंह सहित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान जारी रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए मादक पदार्थ को न्यायालय के आदेश पर नष्ट किया गया है। उन्होंने पुष्टि की कि 340 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट करवाया गया है। ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत अब तक जनपद में कुल 1690 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट किया जा चुका है, और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *