Sorting by

×




बागपत के सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के अमीनगर सराय गांव में पुश्तैनी देवस्थान और मेला स्थल की भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयास का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने इस संबंध में जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार, मौजा चक्रसेनपुर खुर्द स्थित खसरा संख्या 101क में उनके पूर्वजों ने लगभग 120 वर्ष पहले कुल देवता की स्थापना की थी। तब से गांव के करीब 25 परिवार पीढ़ी-दर-पीढ़ी इस स्थल पर पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं। शिकायत पत्र में यह भी बताया गया है कि पुराने देवस्थल के ऊपर लगभग 25 वर्ष पूर्व एक नया देवस्थान बनाया गया था और उसके आसपास की भूमि को मेला स्थल के रूप में संरक्षित किया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि 120 वर्षों से इस भूमि पर कोई विवाद नहीं था, लेकिन अब कुछ लोग देवस्थान और मेला स्थल पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो संबंधित व्यक्तियों ने 10 से 15 अज्ञात लोगों के साथ आकर उन्हें धमकाया, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कब्जे के उद्देश्य से एक फर्जी समिति बनाकर देवस्थान की भूमि पर अधिकार जताने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित भूमि के अभिलेख और खतौनी भी दिखाए, लेकिन कथित आरोपितों ने उन्हें मानने से इनकार कर दिया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि देवस्थान और मेला स्थल पर हो रहे कथित अवैध अतिक्रमण को तत्काल रोका जाए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे और धार्मिक स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *