Sorting by

×




सीतापुर के रेउसा थाना क्षेत्र में चार दिन पहले घर से लापता हुए एक 13 वर्षीय मूक-बधिर किशोर के शव के अवशेष बुधवार सुबह करीब 11 बजे गन्ने के खेत में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव के अवशेष कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। थाना क्षेत्र के अचाकापुरवा छरेहटी मजरा रमुवापुर कालिका सिंह निवासी सुर्जलाल का 13 वर्षीय पुत्र राहुल, जो मूक-बधिर था, चार जुलाई की सुबह अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश के बाद पुलिस को सूचना दी थी, जिस पर रेउसा थाने में गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई थी। बुधवार सुबह गांव के पास स्थित गन्ने के खेत में ग्रामीणों ने मानव अवशेष पड़े देखे तो इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो अवशेष लापता राहुल के होने की पुष्टि हुई। बताया जा रहा है कि शव के कुछ अवशेष प्रभात सिंह के खेत में और कुछ शरद सिंह के गन्ने के खेत में बिखरे मिले, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना की सूचना पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि मौत के बाद शव को सियार, भेड़िए या आवारा कुत्तों ने नोच डाला होगा। हालांकि किशोर की मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। थानाध्यक्ष हनुमंत तिवारी ने बताया कि किशोर की गुमशुदगी पहले से दर्ज थी। शव के अवशेष पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *