नूरुल अली | कानपुर10 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र स्थित गांधीग्राम में बुधवार सुबह एक मौरंग लदा ट्राला अनियंत्रित होकर पलट गया। त्रिमूर्ति मंदिर के पास हुई इस घटना में एक स्टार्ट वैन ट्राले की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वैन चालक के कुछ सेकंड पहले चाय पीने उतर जाने से उसकी जान बच गई। यह घटना सुबह करीब नौ बजे हुई, जब ट्राला मौरंग उतार रहा था। अचानक ब्रेक प्रेशर फेल होने के कारण ट्राला अनियंत्रित होकर पलट गया।
गांधीग्राम निवासी वैन चालक राजेश गुप्ता ने बताया कि उन्होंने मंगलवार को वैन का इंजन बनवाया था, बुधवार की सुबह अपनी वैन सड़क किनारे स्टार्ट खड़ी की थी और पास की दुकान पर चाय पीने चले गए थे। इसी दौरान ट्राला पलट गया और उनकी वैन को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि कुछ सेकेंड पहले ही वह वैन से उतरे थे, अगर वह वाहन के अंदर होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्राला पलटते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। घटना के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। इस हादसे के कारण रामादेवी से टाटमील जाने वाले मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे सैकड़ों वाहन फंसे रहे।
सूचना मिलने पर चकेरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद यातायात सामान्य करवाया जा सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की लापरवाही के कारण अक्सर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
थाना प्रभारी अजय प्रकाश ने बताया कि फरार ट्राला चालक की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
