Sorting by

×




अयोध्या जिले के इनायत नगर थाना क्षेत्र से एक युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना के 20 दिन बीत जाने के बाद भी नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। युवती के पिता ने 8 जुलाई 2026 बुधवार को बताया कि 14 जून 2026 की रात करीब दो बजे अपने घर से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने पूरी रात और अगले दिन तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। 15 जून की सुबह युवती के पिता को पता चला कि पड़ोसी गांव का एक युवक उनकी बेटी को अपने साथ ले गया है। इसके बाद पिता तत्काल थाना कोतवाली इनायत नगर पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने मुकदमा दर्ज करने और बेटी की बरामदगी की मांग की। हालांकि, शिकायत दिए हुए 20 दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस ने अब तक न तो आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और न ही युवती की बरामदगी के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई की है। पीड़ित पिता का आरोप है कि जब भी वे थाने पहुंचकर जानकारी लेते हैं, तो पुलिसकर्मी कभी विवेचक के बाहर होने की बात कहकर तो कभी उनके थाने पर मौजूद न होने का बहाना बनाकर टाल देते हैं। परिवार लगातार थाने के चक्कर लगा रहा है, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिल रहा है, जिससे वे चिंता और मानसिक तनाव में हैं। इस संबंध में थाना कोतवाली इनायत नगर के प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि संभवतः गुमशुदगी दर्ज की गई होगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है, तो मामले को तत्काल दिखवाकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *