Sorting by

×




सम्भल नगर पालिका क्षेत्र के भूरे शाह रोड से देहली दरवाजा होते हुए सिलवेंजा हॉस्पिटल मार्ग तक जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। सड़क पर जमा गंदा पानी और अधूरी निकासी व्यवस्था के कारण यह मार्ग कई वर्षों से बदहाल है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे आम जनता के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी रोज कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि नाले की उचित सफाई और जल निकासी की व्यवस्था न होने के कारण सड़क पर लगातार गंदा पानी भरा रहता है। कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त और अधूरी होने से पानी जमा हो जाता है, जिससे आवागमन लगभग बाधित हो जाता है। इस रास्ते से गुजरने वाले रिक्शे अक्सर पलट जाते हैं, जबकि बाइक सवार फिसलकर घायल हो जाते हैं। चारपहिया वाहनों का आना-जाना लगभग बंद हो चुका है। क्षेत्रवासियों के अनुसार, इस समस्या के कारण कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। कीचड़ और गंदे पानी में फंसकर लोग चोटिल हो जाते हैं, वहीं बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह रास्ता बेहद जोखिमभरा बन गया है। इसके बावजूद नगर पालिका और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया है।

इसी गंभीर समस्या को लेकर अब स्कूली बच्चों ने भी प्रशासन से गुहार लगाई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में सेंट जिलानी पब्लिक स्कूल की कक्षा-1 की छात्रा मरियम फातिमा और अल नूर पब्लिक स्कूल की नर्सरी छात्रा कशिश फातिमा ने जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल से अपील की है। उन्होंने कहा कि उन्हें रोज गंदे पानी से होकर स्कूल जाना पड़ता है, जिससे काफी परेशानी होती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क और नाले का निर्माण कार्य पूरा कराया जाए, ताकि जलभराव की समस्या खत्म हो सके। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है और बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *