Sorting by

×




चंदौली जिले के किसानों को खाद्यान्न, श्रीअन्न और दलहनी फसलों को बढ़ावा देने के लिए उन्नत बीज अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सभी राजकीय कृषि बीज भंडारों के माध्यम से बाजरा, सांवा, कोदो और रागी के बीज मिनीकिट शत-प्रतिशत अनुदान पर वितरित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, अरहर और उड़द के प्रमाणित एवं उच्च गुणवत्ता वाले बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध हैं। जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि किसान इन फसलों की बुवाई के लिए कृषि विभाग के पोर्टल पर अपनी आवश्यकतानुसार बीज की बुकिंग कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से समय पर बुकिंग करने की अपील की है। यादव ने यह भी बताया कि जिन किसानों के खेत वर्तमान खरीफ सीजन में किन्हीं कारणों से खाली रह जाएंगे, उनके लिए तोरिया बीज की बुकिंग शुरू हो गई है, जो 16 अगस्त तक चलेगी। रबी सीजन के लिए दलहनी एवं तिलहनी फसलों के बीज की बुकिंग 10 जुलाई से 10 सितंबर तक तथा गेहूं एवं जौ की बुकिंग 10 जुलाई से 30 सितंबर तक विभाग के पोर्टल पर की जा सकती है। शासन की मंशा है कि अन्नदाताओं की आय में वृद्धि हो सके। इसी योजना के तहत किसानों को उन्नत प्रजाति के बीज अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे अच्छी उपज प्राप्त कर अपनी आमदनी बढ़ा सकें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *