![]()
भास्कर न्यूज | फतेहपुर जिले में लगातार हो रही बारिश ने फतेहपुर प्रखंड के पवन मोड़ से लकड़तांगा तक जाने वाली सड़क की बदहाली उजागर कर दी है। करीब एक किलोमीटर लंबा यह मार्ग पूरी तरह कीचड़ और जलभराव की चपेट में है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से टोटो, बाइक और अन्य छोटे वाहनों का परिचालन जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन सात हजार से अधिक लोगों का आवागमन होता है। वर्षों से सड़क के पक्कीकरण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। बरसात के मौसम में इसकी स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। हाल ही में सड़क की खराब स्थिति के कारण एक टोटो वाहन अनियंत्रित होकर पलटते-पलटते बच गया। वाहन में कई यात्री सवार थे। हालांकि सभी सुरक्षित रहे, लेकिन इस घटना के बाद ग्रामीणों में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है। उनका कहना है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो बरसात के दौरान कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्कूली बच्चों, किसानों और मरीजों की बढ़ी मुश्किलें सड़क की जर्जर हालत का सबसे अधिक असर विद्यार्थियों, किसानों, मरीजों और दैनिक यात्रियों पर पड़ रहा है। तलपोखरिया स्कूल जाने वाले बच्चों को रोजाना कीचड़ और जलभराव से होकर गुजरना पड़ता है। फिसलन के कारण कई बच्चे गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। वहीं, गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी दिक्कत होती है। ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण एम्बुलेंस कई बार गांव तक नहीं पहुंच पाती, जिससे मरीजों की परेशानी और बढ़ जाती है।
Source link