![]()
रामपुर के पटवाई में बारात चढ़त के दौरान डांस को लेकर हुए विवाद में पांच लोग घायल हो गए। मंगलवार दोपहर हुई इस घटना में बेल्टों से जमकर मारपीट हुई, जिसमें दो युवकों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह घटना मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे पटवाई स्थित एक निजी होटल के सामने हुई। सिविल लाइंस क्षेत्र के ताशका मझरा से चंदनपुर जा रही एक बारात यहां पहुंची थी। बारात चढ़त के दौरान डांस करने को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही हिंसक मारपीट में बदल गई। घायल ऋतिक ने बताया कि लगभग 20 से 25 लोगों ने उन पर बेल्टों से हमला किया। मारपीट में ऋतिक, भागवत, राजू, धर्मेंद्र और सुरेश घायल हुए। इनमें ऋतिक और भागवत के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घायलों ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान घटना का वीडियो भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। घायलों ने बताया कि घटना दोपहर में हुई थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए मंगलवार रात करीब 8:30 बजे जिला अस्पताल भेजा। उन्होंने देरी का कारण पुलिस द्वारा देर से भेजे जाने को बताया। दूसरे पक्ष के लोगों के भी घायल होने की संभावना है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक वे मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल नहीं पहुंचे थे। थाना प्रभारी पटवाई धनंजय सिंह ने जानकारी दी कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना से जुड़े वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, अन्य साक्ष्य और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link