वाराणसी2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से बेंगलुरु के लिए 1 अगस्त से सीधी हवाई सेवा शुरू होगी। निजी विमानन कंपनी अकासा एयर ने मंगलवार को इसकी घोषणा की। नई सेवा शुरू होने से पूर्वांचल के यात्रियों को दक्षिण भारत के लिए एक और सीधा हवाई विकल्प मिलेगा। टिकटों की बुकिंग भी शुरू हो गई है।
एयरलाइन के शेड्यूल के अनुसार फ्लाइट क्यूपी-1423 प्रतिदिन बेंगलुरु से दोपहर 3:55 बजे उड़ान भरेगी और शाम 6:20 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वापसी में फ्लाइट क्यूपी-1424 वाराणसी से शाम 7 बजे रवाना होकर रात 9:50 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी। यह सेवा सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगी।
दिल्ली-मुंबई में फ्लाइट बदलने की जरूरत नहीं होगी
सीधी उड़ान शुरू होने से व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा और पर्यटन के लिए यात्रा करने वाले लोगों को राहत मिलेगी। अब यात्रियों को बेंगलुरु जाने के लिए दिल्ली, मुंबई या हैदराबाद में फ्लाइट बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे यात्रा का समय भी कम होगा।
पर्यटन और कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
वाराणसी देश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन केंद्रों में शामिल है, जबकि बेंगलुरु देश का प्रमुख आईटी और कारोबारी हब है। दोनों शहरों के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू होने से यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
टिकटों की बुकिंग शुरू
अकासा एयर के यूपी सेल्स हेड राहुल सिंह ने बताया कि नई उड़ान के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई है। यात्री एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप और अधिकृत ट्रैवल एजेंटों के माध्यम से टिकट बुक कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह उड़ान प्रतिदिन संचालित होगी।
