![]()
शामली में हरियाणा रोडवेज की बस पर हमला हुआ है। सोनीपत डिपो की इस बस के ड्राइवर और कंडक्टर के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि एक यात्री ने अपने साथियों को बुलाकर बस रुकवाई और लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला किया। घायल चालक संदीप ने बताया कि वह मंगलवार सुबह सोनीपत से देहरादून गया था और दोपहर में देहरादून ISBT से वापस सोनीपत लौट रहा था। इसी दौरान शामली निवासी युवक सावन बस में सवार हुआ। चालक का आरोप है कि युवक महिला यात्रियों के सामने ही भीगे कपड़े बदलने लगा, जिस पर उसे पीछे जाकर कपड़े बदलने के लिए कहा गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। चालक के अनुसार, युवक सावन ने धमकी दी कि वह बस को शामली नहीं जाने देगा और रास्ते भर अपने साथियों से फोन पर बात करता रहा। शामली पहुंचने पर तीन बाइकों पर आए 8-10 युवकों ने बस रुकवाकर चालक और परिचालक पर हमला कर दिया। हमलावर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर बस में घुसे और दोनों कर्मचारियों के साथ मारपीट की। हमले में चालक संदीप की छाती पर गंभीर चोटें आई हैं और कंडक्टर के साथ भी मारपीट की गई। हमलावरों ने बस के शीशे भी क्षतिग्रस्त कर दिए। घटना के समय बस में करीब 70 यात्री मौजूद थे। घटना के दौरान बस में मौजूद यात्रियों ने साहस दिखाते हुए हमलावरों में शामिल बताए जा रहे सावन और हिमांशु नामक दो युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद चालक बस को सीधे सोनीपत ले गया, जहां दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस मामले में सोनीपत में शिकायत दर्ज कराई गई है। हालांकि, शामली पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्हें इस हमले के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली है।
Source link