![]()
मथुरा में मंगलवार दोपहर 45 मिनट की तेज बारिश ने मथुरा-वृंदावन नगर निगम के दावों की पोल खोल दी। शहर की प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं और कई इलाकों में कमर तक पानी भर जाने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद भूतेश्वर रेलवे पुल, कंकाली रोड, नया बस स्टैंड, होली गेट और महोली रोड सहित कई प्रमुख स्थानों पर गंभीर जलभराव देखा गया। सड़कों पर पानी भरने से दोपहिया और चारपहिया वाहन मुश्किल से आगे बढ़ पा रहे थे, जबकि पैदल चलने वाले लोग कमर तक पानी में चलने को मजबूर थे। सभी दावे खोखले साबित स्थानीय निवासियों का कहना है कि जलभराव की यह समस्या वर्षों पुरानी है। हर साल बरसात से पहले नगर निगम नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के बड़े-बड़े दावे करता है, लेकिन पहली ही तेज बारिश में ये सभी दावे खोखले साबित हो जाते हैं। भूतेश्वर रेलवे पुल, कंकाली रोड और नया बस स्टैंड क्षेत्र में स्थिति सबसे खराब थी, जहां लोगों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ा। कई स्थानों पर खुले मैनहोल और पानी के तेज बहाव के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रही। नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से केवल दावे और आश्वासन देने के बजाय जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे शहरवासियों और श्रद्धालुओं को हर बारिश में होने वाली परेशानी से मुक्ति मिल सकेगी।
Source link