![]()
सोशल मीडिया के अलग अलग प्लेटफार्म पर वायरल हो रही सौरभ हत्याकांड केस से जुड़ी वीडियो ने इन दिनों खलबली मचाई है। इन वीडियो में दिखाया गया है कि कोर्ट ने साहिल और मुस्कान को सजा सुना दी है। मंगलवार को भी ऐसी ही एक वीडियो चर्चाओं में आ गई। हालांकि कुछ देर बाद ही इन वीडियो के फेक होने का सच सामने आ गया। फिलहाल नीला ड्रम केस में आखिरी बहस जारी है। वादी पक्ष के शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) केके चौबे के बाद बचाव पक्ष की अधिवक्ता रेखा जैन का प्राइमरी आर्गुमेंट कर रही हैं। लगातार सुनवाई हो रही है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि माह के अंत तक केस में निर्णय सुनाया जा सकता है। मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में 3 मार्च, 2025 को दिल दहला देने वाली वारदात हुई। यहां मर्चेंट नेवी अफसर सौरभ राजपूत की निर्मम हत्या कर उसके शव को कई टुकड़ों में बाटकर नीले ड्रम में भरते हुए सीमेंट के घोल से जमा दिया गया। दरअसल, सौरभ लंदन में था और वह मौत से एक माह पहले ही अपनी बेटी पीहू का जन्म दिन मनाने के लिए घर लौटा था। हत्या सौरभ की पत्नी मुस्कान रस्तौगी ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया और कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दोनों को सलाखों के पीछे भेज दिया। केस में फाइनल बहस जारी
सौरभ हत्याकांड में इन दिनों जिला जज की कोर्ट में फाइनल बहस चल रही है। अभी तक सौरभ की तरफ से सरकारी अधिवक्ता (फौजदारी) केके चौबे केस में जिरह करते हुए अपना पक्ष रखते आ रहे थे। उनकी प्राइमरी आर्गुमेंट पूरी हो गई। इसमें सौरभ के निजी अधिवक्ता विजय बहादुर सिंह भी जिरह कर चुके हैं। हालांकि उन्हें बचाव पक्ष की अधिवक्ता के बाद भी पक्ष रखने का मौका मिलेगा, जिसको लेकर वह तैयारी कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह केस समाज के लिए नजीर बनेगा। बचाव पक्ष की जिरह शुरु
सौरभ पक्ष के अधिवक्ता प्राइमरी आर्गुमेंट की प्रक्रिया को पूर्ण कर चुके हैं। अब साहिल-मुस्कान की तरफ से सरकारी वकील रेखा जैन प्राइमरी आर्गुमेंट कर रही हैं। उन्होंने मुकदमे की तहरीर, जीडी रिकार्ड और एफआईआर से शुरुआत की और तमाम सवाल खड़े किए। इसके बाद उन्होंने अभियोजन साक्षी प्रथम रहे बबलू कुमार से शुरुआत की है और उनके बयानों में खामियां निकालीं। बबलू कुमार मृतक सौरभ के भाई हैं। मंगलवार को भी प्राइमरी आर्गुमेंट जारी रही, जिसमें रेखा जैन ने अभियोजन साक्षी थाने के दीवान ब्रजेश कुमार के द्वारा की गई कार्रवाई पर सवाल खड़े किए। ब्रजेश के द्वारा ही तहरीर लेकर एफआईआर दर्ज की गई थी। जिला जज की कोर्ट सुनाएगी फैसला
सौरभ हत्याकांड से जुड़ी सुनवाई की प्रक्रिया रफ्तार पकड़ चुकी है। कोर्ट हर दिन सुनवाई कर रहा है ताकि जल्द से जल्द बहस पूरी हो और निर्णय सुनाया जा सके। बुधवार को भी सुनवाई होगी। जिला जज अभी तक केस से जुड़े सभी 22 गवाहों को सुन चुके हैं। रेखा जैन का पक्ष सुनने के बाद ही सौरभ राजपूत के निजी अधिवक्ता विजय बहादुर सिंह को क्रॉस क्वश्चन का मौका मिलेगा, जिसके आधार पर जिला जज अपना निर्णय सुना सकते हैं। केस से जुड़ी फेक वीडियो से हड़कंप
सौरभ हत्याकांड पर फैसला अभी आया नहीं है लेकिन इस केस से जुड़ी कुछ फेक वीडियो इन दिनों खलबली मचाए हुए हैं। पिछले करीब एक सप्ताह से सोशल मीडिया के अलग अलग प्लेटफार्म पर कुछ वीडियो अपलोड की जा रही हैं, जिनमें कभी साहिल तो कभी मुस्कान को सजा सुनाए जाने का जिक्र किया गया है। मंगलवार को भी इसी तरह की चर्चाओं ने जोर पकड़ा। हालांकि बाद में यह पोस्ट भी फेक ही साबित हुईं।
Source link