Sorting by

×




देवरिया के खीरी मोहल्ले में मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे जलती मोमबत्ती से एक मकान में आग लग गई। जिससे पांच लाख रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों, पुलिस और टाउन एरिया की टीम ने आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। यह आग खीरी मोहल्ला निवासी मैनु कुरैशी के घर में लगी। बताया गया कि सिलाई मशीन के पास जलाई गई मोमबत्ती से आग भड़की। देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे और फिर घर के अन्य हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत घर में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और अपने घरों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। घटना की सूचना मिलते ही कस्बा चौकी प्रभारी कमलेश यादव मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। उनके बाद प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टाउन एरिया की पानी टैंकर गाड़ी को बुलाकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। इसी बीच, तेज बारिश शुरू हो गई, जिसने आग पर काबू पाने में मदद की। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। इस अग्निकांड में घर में रखा टीवी, फ्रिज, कूलर, बेड, कुर्सियां और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी गौरव सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने पुष्टि की कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। सकरी गली से दमकल आने में हुई दिक्कत घटनास्थल तक पहुंचने में दमकल के अभाव में टाउन एरिया की पानी टैंकर गाड़ी को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खीरी मोहल्ले की गली अत्यंत संकरी होने के कारण वाहन अंदर तक नहीं पहुंच सका, जिससे आग बुझाने में कुछ देर हुई। स्थानीय लोगों और पुलिस के सहयोग से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। मेन बाजार से महज 10 मीटर दूर हादसा आग लगने का स्थान मुख्य बाजार से लगभग 10 मीटर की दूरी पर स्थित है। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में भी कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आग आसपास की दुकानों और मकानों तक फैल सकती थी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *