![]()
हरदोई। कासिमपुर थाना क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार शाम करीब 5 बजे जच्चा और नवजात की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस के समझाने पर करीब 30 मिनट में जाम खुल सका। कासिमपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर ब्रह्मनान निवासी दिनेश कुमार की 27 वर्षीय पत्नी सीमा को मंगलवार सुबह करीब 8 बजे प्रसव पीड़ा होने पर बेहंदर लाया गया था। उन्हें कासिमपुर बेहंदर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों का आरोप है कि भर्ती के समय 2,500 रुपये फाइल चार्ज के नाम पर लिए गए, और बाद में इलाज के दौरान 60,000 और 20,000 रुपये की जमा कराए। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर की लापरवाही और समय पर सही उपचार न मिलने के कारण ही जच्चा-बच्चा की जान गई है। उन्होंने बताया कि प्रसव के दौरान पहले नवजात शिशु की हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। कुछ ही समय बाद प्रसूता सीमा ने भी दम तोड़ दिया। सीमा के दो बच्चे हैं। उनके पति दिल्ली में काम करते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल के बाहर इकट्ठा हो गए और न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष पीपी सिंह ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजनों ने जाम समाप्त किया।
Source link