![]()
फतेहपुर में जानवर टकराने की शिकायत पर एक युवक की लाठी-डंडों और लोहे की सरिया से पिटाई की गई। यह घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के घोसियाना मोहल्ले में हुई। मारपीट का वीडियो मंगलवार शाम 4 बजे सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित यासीन, जो वारसी मैरिज हॉल के पीछे का निवासी है, ने पुलिस को बताया कि 6 जुलाई की रात 9 बजे वह ज्वालागंज से बाइक से अपने घर लौट रहा था। मुइया घोसी के घर के सामने अचानक एक जानवर सड़क पर आ गया, जिससे यासीन बाइक से गिरने से बाल-बाल बचा। इसके बाद उसने जानवर को खुला छोड़ने पर आपत्ति जताई और उसे बांधकर रखने को कहा। यासीन का आरोप है कि उसकी बात से नाराज होकर मुइया घोसी, आलम, फैज और दो अन्य लोगों ने उसे गाली देना शुरू कर दिया। देखते ही देखते उन्होंने लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोप है कि मुइया घोसी ने लोहे की सरिया से उसके सीने पर हमला करने का भी प्रयास किया। यासीन ने किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन हमलावर उसे घायल कर मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घायल यासीन को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सदर कोतवाली प्रभारी हेमंत कुमार मिश्रा ने मंगलवार शाम 8 बजे बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
Source link