Sorting by

×




अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की कथित वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में मंगलवार शाम 6.30 बजे कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी ने ‘सद्बुद्धि पदयात्रा’ निकाली। महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में निकली इस पदयात्रा में कार्यकर्ताओं ने भगवान राम को समर्पित खड़ाऊ हाथों में ली, जबकि पवन गुप्ता पूरे रास्ते खड़ाऊ सिर पर रखकर चले। पदयात्रा की शुरुआत रामनारायण बाजार स्थित गणेश मंदिर से हुई और खैरेपति मंदिर पर समाप्त हुई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में विरोध के पोस्टर लेकर निकले। पूरी यात्रा में कार्यकर्ता ‘रघुपति राघव राजा राम, गाते हुए निकले। भगवान राम से दोषियों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। बारिश के बीच भी कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा जारी रखी। यात्रा के अंत में खैरेपति मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ किया गया और भगवान हनुमान से अन्याय करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की प्रार्थना की गई। पवन गुप्ता बोले- राम मंदिर आस्था का केंद्र, निष्पक्ष जांच हो महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि भगवान श्रीराम के वनवास के दौरान भरत ने उनकी खड़ाऊ को सिंहासन पर रखकर 14 वर्षों तक मर्यादा और ईमानदारी से राज्य चलाया था। उसी आदर्श से प्रेरणा लेकर कांग्रेसजन यह संदेश देने निकले हैं कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, यहां किसी भी तरह की कथित वित्तीय अनियमितता स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय भाजपा खुद को भगवान राम की सबसे बड़ी हितैषी बताती है, लेकिन इस मामले में चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के साथ-साथ उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग की। पदयात्रा में महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता, मानेश दीक्षित, इकबाल अहमद, विकास सोनकर, राकेश साहू, पदम मोहन मिश्रा, रमाकांत मिश्रा, टिल्लू ठाकुर, राम नवल कुशवाहा, शीलू श्रीवास्तव, मनोज दुबे समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *