जितेन्द्र कुमार | चित्रकूट3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

चित्रकूट में 8 और 9 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर है। मुख्यमंत्री के भ्रमण, जनसभा, समीक्षा बैठक और रात्रि विश्राम कार्यक्रम को सुरक्षित व व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मंगलवार को पुलिस लाइन के कान्हा सभागार में सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक ब्रीफिंग आयोजित की गई।
मंडलायुक्त अजीत कुमार और पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश एस. ने बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के आगमन, भ्रमण मार्ग, हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल, पार्किंग और संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।

ब्रीफिंग में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया। जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
यातायात व्यवस्था के लिए भी विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। कार्यक्रम स्थलों पर बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास मार्ग, पार्किंग और रूट डायवर्जन की विशेष व्यवस्था रहेगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो और यातायात सुचारु बना रहे।

पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सुरक्षा के लिए कुल 2000 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इनमें 4 अपर पुलिस अधीक्षक, 19 क्षेत्राधिकारी, 72 निरीक्षक, 242 उपनिरीक्षक, 16 महिला उपनिरीक्षक, 1050 मुख्य आरक्षी और आरक्षी, 165 महिला आरक्षी, 70 यातायात पुलिसकर्मी और 25 एलआईयू कर्मी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, पीएसी की तीन कंपनियां भी तैनात की गई हैं।

इस दौरान बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) चन्द्रशेखर, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) स्वपनिल कुमार यादव, मुख्य विकास अधिकारी डी.पी. पाल, अपर पुलिस अधीक्षक पीयूष कान्त राय सहित जिले और बाहरी जनपदों से आए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
