Sorting by

×




बागपत में आयोजित जिला उद्योग बंधु की बैठक में मंगलवार को जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने जनपद में चल रहे वृक्षारोपण महाअभियान को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया और औद्योगिक इकाइयों व उद्यमियों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की। जिलाधिकारी ने यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र में संचालित उद्योगों को वृक्षारोपण अभियान से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग और प्रत्येक उद्यमी की समान भागीदारी आवश्यक है। एक हरित और स्वच्छ जनपद के निर्माण में उद्योगों की भूमिका महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने बैठक में उपस्थित उद्यमियों को एक-एक पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने सभी उद्यमियों से अपने औद्योगिक परिसरों, कार्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पौधारोपण तभी सफल होगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी जिम्मेदारी से किया जाए। जिलाधिकारी ने परियोजना अधिकारी यूपीसी शर्मिला पटेल को निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्र के अधिक से अधिक उद्यमियों को पौधे उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि उद्योगों की सहभागिता से वृक्षारोपण महाअभियान को नई गति मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि बढ़ते औद्योगिकीकरण के बीच पर्यावरण संतुलन बनाए रखना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि उद्योग और समाज मिलकर वृक्षारोपण को जन आंदोलन का रूप दें, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। बैठक में मौजूद उद्यमियों ने भी इस अभियान में सक्रिय सहयोग का भरोसा दिलाया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *