Sorting by

×




ग्रामीण कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार शाम 6 बजे भाजपा सरकार की ‘सद्बुद्धि’ के लिए एक पदयात्रा निकाली। यह पदयात्रा अयोध्या में श्रीराम मंदिर के दानपात्र से कथित चंदा चोरी, बिजली कटौती, टूटी सड़कों और जलभराव जैसी समस्याओं के विरोध में थी। लाल बंगला पेट्रोल पंप से शुरू होकर हरजिंदर नगर चौराहे तक चली इस यात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पदयात्रा की शुरुआत में ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अव्यवस्थित यातायात का सामना करना पड़ा। लाल बंगला क्षेत्र में सड़क पर अतिक्रमण और विपरीत दिशा से आ रहे वाहनों के कारण यात्रा लगभग 10 मिनट तक जाम में फंसी रही। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वयं मोर्चा संभालकर यातायात को व्यवस्थित किया। काफी मशक्कत के बाद जाम खुलने पर पदयात्रा दोबारा शुरू हो सकी। लगभग 600 मीटर लंबी इस पदयात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लिए भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे थे। नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार कानून-व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, सड़क और जल निकासी जैसी बुनियादी समस्याओं को हल करने में विफल रही है, जिससे जनता को रोजमर्रा की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं से दूरी बनाए हुए हैं और विकास के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं। शुक्ला ने कहा कि महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र में टूटी सड़कें, जलभराव, अव्यवस्थित यातायात और अतिक्रमण जैसी समस्याएं आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई हैं, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे। जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने अयोध्या में राम मंदिर के दानपात्र से करोड़ों रुपये की चोरी की घटना को आस्था से जुड़ा एक गंभीर मामला बताया। उन्होंने इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार हर मुद्दे पर जवाबदेही से बचने का प्रयास कर रही है, जबकि जनता महंगाई, बिजली संकट और बदहाल व्यवस्थाओं से परेशान है। पदयात्रा का समापन हरजिंदर नगर चौराहे स्थित मंदिर परिसर में हुआ। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार को ‘सद्बुद्धि’ देने के लिए हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *