![]()
उन्नाव में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर मंगलवार शाम जिला कांग्रेस कमेटी उन्नाव ने “सद्बुद्धि पदयात्रा” का आयोजन किया। इस पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने झंडेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भाजपा नेताओं को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। कार्यक्रम की शुरुआत जिला कांग्रेस कार्यालय में एक बैठक से हुई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि धर्म के नाम पर राजनीति कर धन की लालसा पूरी करने वाले भाजपा नेताओं को ईश्वर सद्बुद्धि प्रदान करें। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान राजनीतिक माहौल में जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष हनुमंत सिंह ने अपने संबोधन में पौराणिक कथाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कालनेमि राक्षस ने भेष बदलकर लोगों को भ्रमित किया था, उसी तरह आज विभिन्न स्वरूपों में समाज को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने और जनता के बीच जाकर वास्तविक मुद्दों को उठाने का आह्वान किया। बैठक के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय से सद्बुद्धि पदयात्रा शुरू की। यह पदयात्रा कचहरी मार्ग से होते हुए पुल पार कर झंडेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। मंदिर में कार्यकर्ताओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर देश में शांति, सौहार्द और सद्भाव बनाए रखने की प्रार्थना की। साथ ही, भाजपा नेताओं को सद्बुद्धि देने की भी कामना की गई। जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा ने बताया कि कांग्रेस जनता के हितों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य समाज में भाईचारा, समानता और संविधान की भावना को मजबूत करना है। इस पदयात्रा में वरिष्ठ उपाध्यक्ष हनुमंत सिंह, उपाध्यक्ष संगठन चंद्र प्रकाश शुक्ला, डॉ. आर.एन. कुशवाहा, सतीश शुक्ला, विनय प्रकाश श्रीवास्तव, अमरेंद्र प्रताप सिंह, फैज फारुकी, अजय गौतम, युसूफ फारुकी, सरफराज गांधी, सुनीत पाल, अशोक अवस्थी, पुत्तीलाल वर्मा, कमलेश तिवारी, तन्मय श्रीवास्तव, बाबूराम निषाद, सुरेश श्रीवास्तव, सलमान शाहिद, डॉ. शकील और संजय बाजपेयी सहित करीब आधा सैकड़ा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link