![]()
गोंडा में प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक के दो बड़े केसीसी बकायदारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। मंगलवार शाम 4 बजे बैंक अधिकारियों, मनकापुर तहसील प्रशासन और छपिया पुलिस की मौजूदगी में कुल 28.60 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की गई। यह कार्रवाई केसीसी बकायदारों के खिलाफ चलाए जा रहे वसूली अभियान के तहत हुई। प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक की बभनान शाखा के बकायदार जगदीश प्रसाद पर 14 लाख 80 हजार 995 रुपये का बकाया था। वहीं, दूसरे बकायदार देवमणि पर इसी शाखा का 13 लाख 80 हजार रुपये बकाया था। बैंक और मनकापुर तहसील द्वारा लगातार नोटिस दिए जाने के बावजूद इन दोनों ने ऋण का भुगतान नहीं किया था। कुर्की की यह कार्रवाई मंगलवार शाम करीब 4 बजे प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक की बभनान शाखा के प्रबंधक विकास कुमार, शाखा केशव नगर के शाखा प्रबंधक, थाना छपिया के शाखा प्रबंधक और विधि अधिकारी राहुल कुमार पांडे की उपस्थिति में की गई। रिकवरी हेड भानु प्रताप के प्रयासों से यह बड़े पैमाने पर संपत्तियों की कुर्की संभव हुई। जिन संपत्तियों को कुर्क किया गया है, उन्हीं के नाम पर इन बकायदारों ने ऋण लिया था और वे प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक बभनान शाखा के पास बंधक थीं। प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक, बभनान शाखा के प्रबंधक विकास कुमार ने बताया कि बकायदारों को लगातार केसीसी ऋण जमा करने के लिए नोटिस दिए जा रहे थे, लेकिन वे भुगतान करने को तैयार नहीं थे। कानूनी प्रक्रिया के तहत आज इन दोनों बकायदारों की संपत्तियों को कुर्क किया गया है। जितने हमारे यहां बकायदार हैं सभी लोगों को चेतावनी दी जा रही है कि वह जल्द से जल्द अपना बकाया केसीसी जमा कर दें अन्यथा उनकी भी बंधक संपत्ति को कुर्क किया जाएगा।
Source link