![]()
रामपुर में आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाने की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे वर्चुअल बैठक के माध्यम से समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खराब प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों के खिलाफ वेतन कटौती, आरोप पत्र और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान पाया गया कि पूर्व की बैठकों में कई बार निर्देश दिए जाने के बावजूद कई विकास खंडों और विभागों की प्रगति संतोषजनक नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को एमओआईसी बिलासपुर के विरुद्ध आरोप पत्र जारी करने, एमओआईसी सैदनगर का सात दिन का वेतन काटने तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, संबंधित शहरी नोडल अधिकारी को भी नोटिस जारी करने और एमओआईसी शाहबाद को जिलाधिकारी कार्यालय से संबद्ध करने के आदेश दिए गए। कारण बताओ नोटिस जारी पंचायतीराज विभाग की समीक्षा में खराब प्रगति मिलने पर एडीओ पंचायत चमरौआ का 15 दिन का वेतन काटने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं, आईसीडीएस विभाग में सीडीपीओ बिलासपुर और सीडीपीओ चमरौआ का प्रभार वापस लेकर अन्य अधिकारियों को सौंपने तथा सीडीपीओ सैदनगर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए गए। पूर्ति विभाग की समीक्षा में चमरौआ और सैदनगर ब्लॉक के अधिकारियों की प्रगति भी असंतोषजनक पाई गई। इस पर उन्हें भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों के शत-प्रतिशत आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, अन्यथा भविष्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Source link