Sorting by

×




आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद चंद्रशेखर आजाद मंगलवार को रायबरेली पहुंचे। सलोन में 28 जून को सड़क हादसे में जान गंवाने वाले मेवालाल पासी के परिवार से मुलाकात की। इस दौरान चंद्रशेखर ने कहा कि उनके दौरे की घोषणा होते ही अधिकारी और सत्ता पक्ष के लोग पीड़ित परिवार के पास पहुंच गए। झूठे मुकदमे वापस लेने और आर्थिक सहायता देने की बातें होने लगीं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा- यह सब वोट का चक्कर है बाबू भैया। अगर चुनाव और वोट न होते तो बड़े-बड़े कुर्ते पहनने वाले और बड़ी गाड़ियों में चलने वाले लोग कभी गरीबों के दरवाजे पर नहीं आते। उन्होंने कहा कि प्रशासन केवल मौखिक आश्वासन न दे, बल्कि जो भी घोषणा करे, उसे लिखित रूप में दे। यदि समय रहते कार्रवाई हुई होती तो उन्हें यहां आने की जरूरत नहीं पड़ती। ‘राम मंदिर में बड़ा घोटाला हुआ, CJI की निगरानी में हो CBI जांच’ राम मंदिर से जुड़े कथित घोटालों और चढ़ावे की चोरी के आरोपों का जिक्र करते हुए चंद्रशेखर आज़ाद ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि वह इतिहास के छात्र हैं और इतिहास के लुटेरों तथा आज की राजनीति में फर्क समझते हैं। उन्होंने कहा- मोहम्मद बिन कासिम, महमूद गजनवी और मोहम्मद गोरी जैसे आक्रांताओं ने देश को एक-दो बार लूटा था, लेकिन इन लोगों ने तो लूट की पूरी पाइपलाइन बिछा दी है। ये लोग राम के नाम पर रोज लूट रहे हैं। राम के नाम पर वोट भी लिया, नोट भी लिया और अब आस्था भी लूट रहे हैं। सांसद ने पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (CJI) की निगरानी में सीबीआई से कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही पता चलेगा कि मामला 10 हजार करोड़ रुपये का है या 20 हजार करोड़ रुपये का। यह केवल पैसों का नहीं, बल्कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था का सवाल है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में सरकार बदलने पर इस कथित लूट के एक-एक रुपये का हिसाब लिया जाएगा। 2027 के लिए पुलिसकर्मियों से किए बड़े वादे 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि प्रदेश का कोई भी सरकारी कर्मचारी आज संतुष्ट नहीं है। उन्होंने यूपी पुलिस के जवानों के लिए कई बड़े वादे किए। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल को ‘बॉर्डर स्कीम’ की परेशानी से राहत देते हुए गृह जनपद या उसके आसपास के जिलों में पोस्टिंग दी जाएगी। पुलिसकर्मियों के लिए 8 घंटे की अनिवार्य ड्यूटी और साप्ताहिक अवकाश लागू किया जाएगा। इसके अलावा प्रमोशन में आने वाली तकनीकी विसंगतियों को भी दूर किया जाएगा। ‘भाजपा छोड़कर किसी के लिए दरवाजे बंद नहीं’ आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन के सवाल पर चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि भाजपा को छोड़कर किसी भी राजनीतिक दल के लिए उनके दरवाजे बंद नहीं हैं। हालांकि गठबंधन या चुनावी रणनीति पर अंतिम फैसला पार्टी की कोर कमेटी और शीर्ष नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता का होता है और जनता ही अपने अधिकारों का हनन करने वालों को जवाब देगी। मेवालाल की मौत के बाद हुआ था बवाल सलोन क्षेत्र के खमरिया पूरे कुशल मोड़ पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से घायल मेवालाल पासी की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर रायबरेली-प्रतापगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव भी हुआ, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। पुलिस ने बाद में स्थिति पर काबू पाते हुए मुख्य आरोपी को जेल भेज दिया। अब प्रदर्शन के दौरान दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग उठाई जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *